6 जून : शिमला जिले के फागू क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 10 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। मामले में हरियाणा और पंजाब के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, ठियोग पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त और जांच अभियान पर थी। इसी दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन से प्रतिबंधित नशीला पदार्थ बरामद हुआ, जिसके बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ और वाहन को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जानी थी।
पुलिस का कहना है कि प्रदेश में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।