पीएम मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर ऊना में जश्न, भाजपा ने गिनाईं केंद्र सरकार की उपलब्धियां

11 जून : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की हिमाचल प्रदेश इकाई ने बुधवार को ऊना जिले के कोटला कलां स्थित महादेव मंदिर परिसर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लिया। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार की उपलब्धियों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की गई। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं से गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। साथ ही उन्होंने वर्ष 2014 के बाद वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ी प्रतिष्ठा और पहचान का भी उल्लेख किया।

इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल की उपलब्धियों का जश्न मनाया और केंद्र सरकार की नीतियों के समर्थन में अपने विचार रखे।

उधर, हरोली में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लंबे कार्यकाल के उपलक्ष्य में विशेष पूजा-अर्चना और हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम हरोली ग्राम पंचायत के नवनिर्वाचित प्रधान सतीश ठाकुर (छोटू) की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस दौरान क्षेत्र के गणमान्य लोगों और ग्रामीणों ने हवन में आहुति देकर देश की खुशहाली, समृद्धि और निरंतर विकास की कामना की।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इन प्रयासों से समाज के विभिन्न वर्गों को लाभ मिला है और देश विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *