21 अगस्त: मंडी में पंजाब नेशनल बैंक के मंडल कार्यालय की ओर से भ्यूली में मेगा स्वयं सहायता समूह आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन हिमाचल प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन और डीआरडीए मंडी के समन्वय से किया गया, जिसमें विभिन्न गांवों से आए स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएनबी के लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर चंदर प्रकाश ने कहा कि स्वयं सहायता समूह सामाजिक और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने समूहों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने पर जोर देते हुए बचत खाते, ऋण और क्रेडिट लिंकेज जैसी सुविधाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
वरिष्ठ कृषि अधिकारी अक्षय शर्मा ने बैंक की विभिन्न वित्तीय योजनाओं और उत्पादों की जानकारी दी। उन्होंने पीएनबी समूह फाइनेंस, पीएनबी श्रेष्ठ, लखपति दीदी पहल, किसान क्रेडिट कार्ड तथा पशुपालन के लिए केसीसी जैसी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना के लाभों की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में डीपीएम-एनआरएलएम शैलजा ने स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों को क्षमता निर्माण के महत्व के बारे में जागरूक किया। उन्होंने समूहों को अधिक सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने के लिए आवश्यक जानकारी साझा की।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों को बैंकिंग सेवाओं, ऋण सुविधाओं, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और विभिन्न वित्तीय उत्पादों से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना रहा।