15 सितंबर: पशुपालन विभाग में पशु मित्र (मल्टी टास्क वर्कर) के पद के लिए उपमंडलीय पशु चिकित्सालय मंडी (ग्रामीण) के अंतर्गत आवेदन करने वाली पात्र एवं इच्छुक महिला अभ्यर्थियों का शारीरिक परीक्षण 18 सितंबर, 2026 को आयोजित किया जाएगा।
विभाग के अनुसार प्रतिकूल मौसम के कारण भर्ती प्रक्रिया के चरण-1 के तहत शारीरिक परीक्षण पूर्व निर्धारित समय पर आयोजित नहीं हो सका था। अब यह परीक्षण 18 सितंबर को पड्डल मैदान मंडी में होगा।
सभी पात्र महिला अभ्यर्थियों को सुबह 10:00 बजे परीक्षा स्थल पर रिपोर्ट करना होगा। पंजीकरण की अंतिम समय सीमा सुबह 11:15 बजे निर्धारित की गई है। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी का पंजीकरण स्वीकार नहीं किया जाएगा और देरी से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को अलग से कोई अवसर नहीं दिया जाएगा।
अभ्यर्थियों को भर्ती सूचना में निर्धारित सभी आवश्यक मूल प्रमाण-पत्र एवं दस्तावेजों के साथ वैध पहचान पत्र भी साथ लाना अनिवार्य होगा। शारीरिक परीक्षण से पहले दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।
विभाग ने सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित समय से पहले परीक्षा स्थल पर पहुंचकर पंजीकरण सहित अन्य आवश्यक औपचारिकताएं समय पर पूरी करने का आग्रह किया है।