19 मई: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के परवाणू में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। जंगेशु मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान 26 वर्षीय अभिनव निवासी चंडीगढ़ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चार युवक कार में सवार होकर जंगेशु मार्ग से गुजर रहे थे, तभी अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची परवाणू पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए ईएसआई अस्पताल परवाणू पहुंचाया।
घायलों की पहचान विशाल (23), नरेश (32) और वसार (26) के रूप में हुई है। सभी युवक चंडीगढ़ के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
डीएसपी अनिल शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।