पत्नी के घर से बाहर जाते ही व्यक्ति ने उठाया खतरनाक कदम, चम्बा में 52 वर्षीय मिस्त्री की मौत

18 अप्रैल: चम्बा जिले के भटियात क्षेत्र की चलामा पंचायत के कमलाड़ी गांव में एक 52 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान गिरधारी लाल, निवासी गांव नडीनाल (ग्राम पंचायत गढ़ाना) के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, गिरधारी लाल पेशे से मिस्त्री था और कुछ समय से कमलाड़ी गांव में किराए के कमरे में रह रहा था। शुक्रवार सुबह उसकी पत्नी किसी काम से बकलोह क्षेत्र गई हुई थी। इसी दौरान सुबह करीब 11 बजे एक राहगीर ने उसे मकान के लैंटर से निकले सरिए के सहारे लटका हुआ देखा, जिसके बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत हिमाचल प्रदेश पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही लोगों ने उसे नीचे उतारकर अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलने पर मृतक की पत्नी और पूर्व प्रधान भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करवाई और बाद में परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में किसी भी तरह की शंका व्यक्त नहीं की है।

बताया जा रहा है कि घटना के समय मृतक का इकलौता बेटा घर पर मौजूद नहीं था, वह अपनी जमा दो की परीक्षाओं के बाद इन दिनों पठानकोट स्थित अपने ननिहाल में रह रहा है।

मामले की पुष्टि करते हुए विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अभी तक इस कदम के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *