7 मई, तरसेम जरयाल: राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के बी. वॉक (रिटेल मैनेजमेंट) विभाग की छात्राओं ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए शानदार उपलब्धि हासिल की है। पढ़ाई पूरी करते ही विभाग की 10 छात्राओं का चयन देश की नामी कंपनियों में आकर्षक वेतन पैकेज पर हो गया है, जिससे कॉलेज परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई है।
कॉलेज में आयोजित प्लेसमेंट ड्राइव के दौरान छात्राओं ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए यूएस पोलो, केपसन्, आइकोनिक सहित अन्य प्रतिष्ठित ब्रांड्स में अपनी जगह बनाई। यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि बी.वॉक जैसी व्यावसायिक शिक्षा आज के समय में युवाओं को सीधे रोजगार से जोड़ने में अहम भूमिका निभा रही है।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने चयनित छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता छात्राओं की कड़ी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। हमें गर्व है कि हमारे विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ रोजगार के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने सभी छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विभाग के नोडल अधिकारी प्रो. नरेश कुमार धीमान ने भी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बी० वॉक० कोर्स विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार करता है, जिससे उन्हें पढ़ाई पूरी करते ही रोजगार के अवसर प्राप्त होते हैं।
वहीं, विभाग के प्रशिक्षक रोहित सभरवाल एवं बी.वॉक विभाग के समस्त स्टाफ ने चयनित छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल करियर की कामना की।
उल्लेखनीय है कि बी.वोक (Bachelor of Vocation) एक ऐसा व्यावसायिक पाठ्यक्रम है, जो विद्यार्थियों को कौशल आधारित शिक्षा प्रदान करता है और इसे पूरा करते ही रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध कराता है। यही कारण है कि यह कोर्स आज के युवाओं के लिए पढ़ाई के साथ नौकरी की मजबूत संभावना के रूप में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।