पंचायत स्तर पर विकास की समीक्षा कर रहे विधायक मलेन्द्र राजन, 10 पंचायतों में हुआ संवाद

25 सितंबर: प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में पंचायत स्तर पर विकास कार्यों की समीक्षा की जा रही है। विधायक मलेन्द्र राजन पंचायतों में पहुंचकर जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के साथ बैठकें कर विकास कार्यों और क्षेत्र की प्राथमिक आवश्यकताओं की जानकारी ले रहे हैं।

इसी क्रम में विधायक मलेन्द्र राजन ने मीलवां और उलैहड़ियां पंचायतों के जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय गणमान्य लोगों के साथ बैठक कर वहां चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में पूर्ण हो चुके कार्यों, वर्तमान में जारी कार्यों और प्रस्तावित योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक ने पंचायत प्रतिनिधियों से क्षेत्र की प्राथमिक आवश्यकताओं की जानकारी लेने के साथ विकास कार्यों को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाने के लिए सुझाव भी लिए।

मलेन्द्र राजन ने कहा कि पंचायतों के विकास की वास्तविक स्थिति जानने के लिए जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के साथ सीधा संवाद जरूरी है। इसी उद्देश्य से पंचायत स्तर पर पहुंचकर लोगों की समस्याओं, जरूरतों और विकास संबंधी प्राथमिकताओं को समझा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक पंचायत में सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और सिंचाई जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना प्राथमिकता है। पंचायतों में समीक्षा का उद्देश्य केवल विकास योजनाओं की जानकारी लेना नहीं, बल्कि क्षेत्र की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप कार्यों को धरातल पर सुनिश्चित करना है।

पंचायत स्तर पर चल रही इस समीक्षा प्रक्रिया के तहत अब तक 10 पंचायतों में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के साथ संवाद किया जा चुका है। इनमें डैंकवां, लोधवां, देओठी, बडूखर, घेटा, भलाख, भोगरवां, राजगीर, मीलवां और उलैहड़ियां पंचायतें शामिल हैं।

विधायक ने कहा कि पंचायतों की समीक्षा प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी, ताकि विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक पंचायत की विकास आवश्यकताओं का विस्तृत आकलन किया जा सके। उन्होंने कहा कि योजनाओं को पंचायतों की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप धरातल पर लागू करने के लिए जनप्रतिनिधियों और आम जनता के साथ निरंतर संवाद किया जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *