कांगड़ा में ब्लैक स्पॉट्स की सुरक्षा व्यवस्था एक माह में दुरुस्त करने के निर्देश: हेमराज बैरवा

25 सितम्बर: उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले से गुजरने वाले तीनों राष्ट्रीय राजमार्गों सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स की सुरक्षा व्यवस्था और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए किए जा रहे उपायों की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने संबंधित विभागों को ब्लैक स्पॉट्स पर दुर्घटनाओं की संभावना कम करने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरत के अनुसार चेतावनी एवं सूचना बोर्ड, सुरक्षा चिन्ह, गति सीमा संकेतक और बैरिकेडिंग लगाई जाए। स्कूलों और अन्य शिक्षण संस्थानों के आसपास जेबरा क्रॉसिंग की उचित व्यवस्था करने के साथ आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर और सोलर ब्लिंकर लगाने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर किए जाने वाले सुरक्षा कार्य एक माह के भीतर पूरे किए जाएं। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा मानकों और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा प्रबंधों की नियमित जांच की जाए। राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्थापित कैमरों के संचालन की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

हेमराज बैरवा ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं से जुड़ी जानकारी को डिजिटल रूप से दर्ज करने, साझा करने और उसका विश्लेषण करने के लिए ई-डार ऑनलाइन सेवा शुरू की गई है। इसके माध्यम से दुर्घटनाओं के कारणों और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का विश्लेषण कर सड़क सुरक्षा उपायों को और प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि ई-डार के तहत दर्ज दुर्घटना संबंधी आंकड़ों और संबंधित विभागों की ओर से की गई सुधारात्मक कार्रवाई की समीक्षा को सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों के एजेंडे में नियमित रूप से शामिल किया जाए।

उपायुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटना में मृत्यु या गंभीर रूप से घायल होने वाले लोगों और उनके परिजनों को सरकार की ओर से मिलने वाली राहत तथा कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध करवाया जाए। इसके लिए ई-डार पोर्टल के माध्यम से संबंधित मामलों को चिकित्सा विभाग, एसडीएम, कल्याण विभाग, डीआरडीए सहित संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा जाए।

बैठक में कच्छियारी फोरलेन टी-जंक्शन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने फोरलेन का कार्य पूरा होने तक सुरक्षा कर्मी के लिए वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप अस्थायी बूथ स्थापित करने के निर्देश दिए।

दाड़ी क्षेत्र में मंगलवार सुबह विद्युत पोल गिरने से बाईपास मार्ग बंद होने और यातायात जाम का मामला भी बैठक में उठाया गया। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि दुर्घटना, पेड़ गिरने या अन्य किसी कारण से सड़क मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में इसकी सूचना तत्काल संबंधित कंट्रोल रूम को दी जाए, ताकि संबंधित विभाग को तुरंत कार्रवाई के लिए निर्देशित कर यातायात व्यवस्था जल्द बहाल की जा सके।

बैठक में पुलिस अधीक्षक कांगड़ा कुलभूषण वर्मा, एसडीएम नूरपुर इलिमा अफरोज, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विकास जम्बाल, एसडीएम इंदौरा सुरेंद्र ठाकुर, एसडीएम कांगड़ा मोहित रतन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *