पंचायत चुनाव 2026: प्रागपुर और रैत के मतगणना केंद्रों में बदलाव

9 मई: जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने पंचायत चुनाव-2026 के तहत विकास खंड प्रागपुर और रैत में मतगणना केंद्र एवं स्ट्रांग रूम स्थलों को लेकर पहले जारी आदेशों में आंशिक संशोधन किया है। यह बदलाव संबंधित खंड विकास अधिकारियों से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर किए गए हैं।

संशोधित आदेशों के अनुसार विकास खंड प्रागपुर में जिला परिषद और पंचायत समिति वार्डों के मतयुक्त मतपत्रों को सुरक्षित रखने तथा मतगणना के लिए पहले कृषि विभाग प्रागपुर गोदाम-2 को निर्धारित किया गया था। अब इसकी जगह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र) प्रागपुर को नया मतगणना केंद्र और स्ट्रांग रूम बनाया गया है।

इसी प्रकार ग्राम पंचायत नारी की मतगणना के लिए पहले निर्धारित राजकीय माध्यमिक पाठशाला नारी के स्थान पर अब पंचायत सामुदायिक केंद्र (पंचायत घर) नारी को तय किया गया है। पंचायत नारी के चुनाव परिणामों की घोषणा भी इसी नए स्थल पर की जाएगी।

पंचायत समिति सदस्य प्रागपुर के चुनाव परिणाम, जो पहले कृषि विभाग प्रागपुर गोदाम-2 में घोषित किए जाने थे, अब राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र) प्रागपुर में घोषित होंगे।

विकास खंड रैत में भी मतगणना और स्ट्रांग रूम को लेकर बदलाव किया गया है। पहले जिला परिषद और पंचायत समिति वार्डों के मतयुक्त मतपत्रों को सुरक्षित रखने तथा मतगणना के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रैत को निर्धारित किया गया था, जिसे अब बदलकर मिनी सचिवालय शाहपुर कर दिया गया है।

इसके अलावा पंचायत समिति सदस्य रैत के चुनाव परिणामों की घोषणा भी अब राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रैत के बजाय मिनी सचिवालय शाहपुर में की जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने बताया कि पहले जारी आदेशों की अन्य सभी शर्तें और प्रावधान यथावत लागू रहेंगे। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित और सुचारू ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से यह संशोधन किए गए हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *