8 अगस्त: पुलिस थाना पंचरुखी में 4 अगस्त 2026 को खुर्डपट्ट निवासी श्रवण कुमार ने अपने रिहायशी मकान से सोने और चांदी के आभूषण चोरी होने की शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पंचरुखी पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतनाम उर्फ कालू (30), गुलदीप (23) और वोवी (28), सभी निवासी बैजनाथ क्षेत्र, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर 20 ग्राम सोना और 10 ग्राम चांदी बरामद की गई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि चोरी किए गए आभूषण पपरोला निवासी अजीजुल इस्लाम उर्फ गोली को बेच दिए थे।
पुलिस ने इसके बाद अजीजुल इस्लाम से पूछताछ की। पूछताछ में उसने चोरी के आभूषण खरीदने और उन्हें पिघलाने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए आभूषण बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और चोरी की वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों को खंगाला जा रहा है।