नालागढ़ में दो सड़क हादसे: पिकअप और कार की टक्कर से 2 बाइक सवारों की मौत

2 मई: औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो बाइक सवारों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहला हादसा दोलोवाल महादेव के पास पंजेहरा-नालागढ़ सड़क पर हुआ। जानकारी के अनुसार एक अज्ञात पिकअप चालक ने तेज रफ्तार में बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार जस्सी उर्फ जसविन्द्र निवासी गांव बासोवाल सुल्तानी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है।

दूसरी घटना सरसा नदी पुल जगातखाना के पास हुई, जहां एक कार चालक ने गलत दिशा में जाकर सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक चालक दिलप्रीत सिंह निवासी गांव बैहरमपुर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने बताया कि दोनों मामलों में पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिए हैं। एक मामले में आरोपी चालक फरार है, जबकि दूसरे में आरोपी की पहचान हो चुकी है। पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई जारी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *