2 मई: पुलिस थाना कालाअम्ब के अंतर्गत डिटेक्शन सेल नाहन की टीम ने नशे के खिलाफ अभियान के दौरान कार्रवाई करते हुए दो युवकों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक चंडीगढ़ से उज्जल माजरी बैरियर के रास्ते सराहां (सोलन) की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध बाइक (HP 13-3714) को जांच के लिए रोका।
बाइक सवार युवकों की पहचान शुभम शर्मा (30) निवासी जिला सोलन और रजत मिश्रा (27) निवासी जिला मंडी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान बाइक की सीट के नीचे से 20.14 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और नशे की इस खेप से जुड़े नेटवर्क की जांच की जा रही है।