3 अक्तूबर, नरेश मलोटिया : अंडर-19 जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में पीएम श्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नादौन की छात्राओं कनिका, माहिका और रिया ने संस्कृत गीतिका एवं सुभाषितानि दोनों स्पर्धाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया। विद्यालय पहुंचने पर छात्राओं का विद्यालय परिवार की ओर से स्वागत एवं सम्मान किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर विद्यालय का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि विद्यालय की छात्राएं पिछले कई वर्षों से संस्कृत के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर चुकी हैं।
प्रधानाचार्य ने संस्कृत अध्यापक आचार्य नरेश मलोटिया को भी छात्राओं की सफलता के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन में विद्यालय की छात्राएं संस्कृत के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। विद्यार्थियों में संस्कृत के प्रति रुचि विकसित करने और उन्हें प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में उनका योगदान सराहनीय है।
प्रधानाचार्य ने संगीत अध्यापक नरेंद्र सिंह ठाकुर के योगदान की भी विशेष सराहना की। उन्होंने बताया कि नरेंद्र सिंह ठाकुर पिछले 24 वर्षों से विद्यालय में संगीत अध्यापन के साथ विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रतिभाओं को निखारने में जुटे हैं। उनके अनुभव, परिश्रम और मार्गदर्शन से विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। वर्तमान प्रतियोगिता के लिए भी उन्होंने छात्राओं को प्रभावी तैयारी करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं के साथ विद्यालय की ओर से अध्यापक आशुतोष, प्रियंका और सोनिका भी उपस्थित रहे तथा उन्होंने छात्राओं का मार्गदर्शन और सहयोग किया।
अब कनिका, माहिका और रिया संस्कृत गीतिका एवं सुभाषितानि दोनों स्पर्धाओं में जिला सोलन के अर्की में आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-19 सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में जिला हमीरपुर का प्रतिनिधित्व करेंगी। विद्यालय परिवार ने छात्राओं को राज्य स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।