6 जून: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश पुलिस द्वारा रिज मैदान शिमला में आयोजित “चिट्टा छोड़ो- बेहतर हिमाचल की ओर दौड़ो” मिनी मैराथन में बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ, हरित और नशामुक्त हिमाचल का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा।
मैराथन में शिमला यूनिवर्सिटी (एपीजी) के प्रबंधन, संकाय सदस्यों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभागियों ने सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और प्रदेश पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने प्रतिभागियों से संवाद किया। इस अवसर पर युवाओं की भूमिका, नशामुक्त समाज के निर्माण और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में टीवी अभिनेता रोहिताश्व गौर भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। उनसे मुलाकात कर विद्यार्थियों और प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। मैराथन के तहत 10 किलोमीटर मिनी मैराथन और 3 किलोमीटर प्रेरणा रन आयोजित की गई, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
मैराथन के विजेताओं को आकर्षक नकद पुरस्कार भी प्रदान किए गए। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 51 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 31 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। कार्यक्रम के समापन पर युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और बेहतर हिमाचल के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया गया।