नदौन के बटाहली स्थित बिल्ल कलेश्वर महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए मुख्यमंत्री ने जारी किए 8 लाख रुपये

19 नवम्बर, बबलू गोस्वामी : नदौन उपमंडल के बटाहली स्थित ऐतिहासिक बिल्ल कलेश्वर महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 8 लाख रुपये की बजट राशि जारी की है। इस राशि से मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

बड़ा (नदौन) की पंचायत फस्टे के बटाहली में व्यास नदी और कुणाह खड्ड के संगम स्थल के किनारे स्थित यह प्रसिद्ध ऐतिहासिक मंदिर अपने धार्मिक और पौराणिक महत्व के लिए जाना जाता है। मान्यता है कि मंदिर का इतिहास पांडवों के काल से जुड़ा हुआ है।

मंदिर की देखरेख कर रही बिल्ल कलेश्वर महादेव सुधार सभा के प्रधान कृष्ण प्रसाद, सचिव हंसराज ठाकुर, सभा के सदस्य दौलत स्याल, सुरेश, जोगिंदर, अमरनाथ धीमान, ईश्वर दास, अश्वनी कुमार, राजकुमार, तिलक राज, किशोरी लाल, देश राज, ओंकार पठानियां, सीमा कोंडल और आशा देवी सहित संतोष कुमार ने मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 8 लाख रुपये की राशि जारी करने पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का विशेष रूप से आभार जताया है।

सभा के सदस्यों ने बताया कि मंदिर में बिजली की कम वोल्टेज, पार्किंग की कमी और बारिश के पानी की निकासी जैसी कई समस्याएं हैं। इन समस्याओं और मंदिर के सौंदर्यीकरण को लेकर उन्होंने 12 अगस्त 2026 को मंदिर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के दौरान देहरा की विधायक कमलेश कुमारी को मांगपत्र सौंपा था। उस दौरान विधायक ने उनकी मांगों पर संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए थे। साथ ही ऐतिहासिक मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए जल्द बजट उपलब्ध करवाने का आश्वासन भी दिया था।

सभा के सदस्यों ने कहा कि मंदिर के सौंदर्यीकरण से न केवल इस ऐतिहासिक धार्मिक स्थल का संरक्षण होगा, बल्कि क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे आने वाले समय में यहां पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *