21 नवंबर से बंद होगा श्री देव कमरूनाग मंदिर का फाटक, शिकारी देवी मार्ग पर भी आवाजाही प्रतिबंधित

19 नवम्बर: जिला मंडी के उपमंडल गोहर में भारी बर्फबारी और कड़ाके की ठंड की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर महत्वपूर्ण फैसला लिया है। 21 नवंबर, 2026 से श्री देव कमरूनाग मंदिर का फाटक आगामी आदेशों तक बंद रहेगा। इसके अलावा देवीदढ़ से शिकारी देवी की ओर जाने वाले मार्ग पर भी आम जनता, श्रद्धालुओं, पर्यटकों और ट्रैकर्स की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

उपमंडलाधिकारी (ना.) गोहर देवीराम ने बताया कि सर्दियों के दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी के कारण रास्ते अवरुद्ध होने, फिसलन बढ़ने और दुर्घटनाओं की आशंका रहती है। ऐसे में इन दुर्गम क्षेत्रों में आवाजाही करना जान-माल की सुरक्षा के लिए जोखिमपूर्ण हो सकता है।

उन्होंने स्थानीय निवासियों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने तथा प्रतिबंधित क्षेत्रों की यात्रा से बचने की अपील की है। साथ ही ग्राम पंचायतों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, होटल संचालकों और टैक्सी ऑपरेटरों से इस सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आग्रह किया है। आदेशों की अवहेलना कर प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

किसी भी आपात स्थिति में पुलिस थाना गोहर के दूरभाष नंबर 01907-250228 या एसडीएम गोहर के नंबर 01907-250262 पर संपर्क किया जा सकता है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *