22 अप्रैल: धर्मशाला के समीप नड्डी में प्रस्तावित एशिया की सबसे लंबी जिपलाइन परियोजना को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने की, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि आपसी समन्वय के साथ सभी औपचारिकताएं और साइट निरीक्षण जल्द पूरे किए जाएं, ताकि परियोजना कार्य में देरी न हो। विशेष रूप से वन विभाग से जुड़ी प्रक्रियाओं को प्राथमिकता देने को कहा गया।
जानकारी के अनुसार नड्डी व्यू प्वाइंट क्षेत्र में करीब 5.3 किलोमीटर लंबी जिपलाइन प्रस्तावित है, जिसे एशिया की सबसे लंबी जिपलाइन बताया जा रहा है। इस परियोजना पर लगभग 7.50 करोड़ रुपये खर्च होंगे और इसे 36 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
यह जिपलाइन धौलाधार पर्वत श्रृंखला के बीच विकसित की जाएगी, जिससे पर्यटकों को रोमांच के साथ प्राकृतिक सौंदर्य का अनुभव मिलेगा। परियोजना को पर्यावरण के अनुकूल तरीके से तैयार किया जाएगा और पेड़ों की कटाई से बचने पर जोर रहेगा।
विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से कांगड़ा में पर्यटन को नया आयाम मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने बताया कि कांगड़ा को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
बैठक में अन्य स्थानीय विकास कार्यों पर भी चर्चा की गई।