नगर निकाय चुनाव: 17 मई को रहेगा सार्वजनिक अवकाश

16 मई: नगर निकाय चुनाव 2026 के तहत 17 मई को होने वाले मतदान को लेकर हिमाचल प्रदेश सरकार ने संबंधित क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत क्षेत्रों में स्थित सरकारी कार्यालय, शिक्षण संस्थान, बोर्ड, निगम, औद्योगिक इकाइयां तथा वाणिज्यिक प्रतिष्ठान मतदान दिवस पर बंद रहेंगे।

अतिरिक्त उपायुक्त कांगड़ा विनय कुमार ने बताया कि जिला कांगड़ा के अंतर्गत नगर निगम धर्मशाला, पालमपुर, नगर परिषद कांगड़ा, नूरपुर, नगरोटा बगवां, देहरा, ज्वालामुखी तथा नगर पंचायत शाहपुर में यह अवकाश लागू रहेगा। उन्होंने कहा कि संबंधित क्षेत्रों के मतदाताओं को मतदान के लिए आवश्यक सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।

उन्होंने यह भी बताया कि अन्य स्थानों पर कार्यरत ऐसे कर्मचारी, जिनका नाम संबंधित नगर निकाय क्षेत्रों की मतदाता सूची में दर्ज है, उन्हें मतदान करने के लिए विशेष आकस्मिक अवकाश दिया जा सकेगा। इसके अलावा औद्योगिक और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को भी कर्मचारियों को सवेतन अवकाश देने के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *