13 जून: धर्मशाला में शनिवार को भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जाने वाले पहले एकदिवसीय मुकाबले पर मौसम का असर देखने को मिला। लगातार हो रही तेज बारिश के कारण मैच का टॉस निर्धारित समय पर नहीं हो सका और इसमें देरी हो गई है। मौसम की स्थिति पर अधिकारियों की लगातार नजर बनी हुई है।
एकमात्र टेस्ट मैच में मिली बड़ी हार के बाद अफगानिस्तान की टीम वनडे सीरीज में वापसी की उम्मीद के साथ मैदान में उतर रही है। स्टार स्पिनर राशिद खान की वापसी से टीम का मनोबल बढ़ा है। वहीं भारतीय टीम भी हालिया घरेलू वनडे मुकाबलों में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद जीत की राह पर लौटने का प्रयास करेगी।
भारतीय टीम में तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा को प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है। दूसरी ओर, अफगानिस्तान का आत्मविश्वास भी ऊंचा है, क्योंकि टीम अपने पिछले चार वनडे मुकाबले जीत चुकी है। ऐसे में दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले की उम्मीद की जा रही है, हालांकि फिलहाल सभी की नजरें मौसम पर टिकी हैं।