30 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश में जनगणना प्रक्रिया की तैयारियां तेज हो गई हैं और इसकी औपचारिक शुरुआत जिला कांगड़ा से कर दी गई है। धर्मशाला स्थित डीआरडीए भवन में आयोजित प्रशिक्षण शिविर के साथ पहले चरण का आगाज हुआ। उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बेरवा ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा कि जनगणना को सटीक और प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।
जिला नोडल अधिकारी आशीष रस्तोगी की देखरेख में 82 फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण में एसडीएम इंदौरा सुरेंद्र ठाकुर और वरिष्ठ भूगोलवेत्ता कंवर विवेक सिंह मास्टर ट्रेनर की भूमिका निभा रहे हैं। छह मई तक चलने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में ट्रेनरों को डेटा संग्रहण की आधुनिक तकनीकों, डिजिटल उपकरणों के उपयोग और जनगणना से जुड़ी तकनीकी जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षित ट्रेनर आगे फील्ड स्टाफ को तैयार करेंगे।
इस बार जनगणना में तकनीक और जनभागीदारी को विशेष महत्व दिया गया है। एक जून से 15 जून तक नागरिक निर्धारित पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद प्रशासन द्वारा इस जानकारी का सत्यापन किया जाएगा।
प्रशिक्षण पूरा होने के बाद 16 जून से जनगणना का पहला चरण शुरू होगा, जो 15 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान फील्ड स्टाफ घर-घर जाकर हाउस लिस्टिंग का कार्य करेगा और प्रत्येक मकान का विवरण एकत्रित किया जाएगा।