धर्मशाला में केंद्रीय दल ने मानसून से प्रभावित सड़कों का लिया जायजा

30 सितंबर: हिमाचल प्रदेश में मानसून के दौरान भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा गठित अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दल (आईएमसीटी) ने मंगलवार को धर्मशाला के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। दल ने सुधेड़ और धर्मशाला-मैक्लोडगंज मार्ग पर स्थित खड़ा डंडा रोड पहुंचकर सड़कों व अन्य बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान का जायजा लिया।

सुधेड़ में उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने केंद्रीय दल के सदस्यों को मानसून के दौरान हुई भारी बारिश से क्षतिग्रस्त सड़क और आसपास हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक आपदा के कारण जिले में कई स्थानों पर सड़क मार्ग प्रभावित हुए हैं।

केंद्रीय दल के नेतृत्व कर रहे गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव एम. रामचंद्रुडु ने संबंधित अधिकारियों से सड़क को हुए नुकसान की प्रकृति, प्रभावित हिस्सों तथा मरम्मत और पुनर्स्थापन कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने आपदा से हुए नुकसान के आकलन के साथ राहत एवं पुनर्वास कार्यों की प्रगति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।

केंद्रीय दल ने इससे पहले धर्मशाला स्थित एचपीसीए स्टेडियम का दौरा किया। इसके बाद दल मैक्लोडगंज पहुंचा, जहां तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा से अनौपचारिक शिष्टाचार भेंट की। इसके बाद केंद्रीय दल कुल्लू जिले के दौरे के लिए रवाना हो गया।

इस अवसर पर केंद्रीय दल के सदस्य एवं जल शक्ति विभाग के निदेशक प्रकाश चंद, ग्रामीण विकास विभाग के निदेशक रामावतार मीणा, रिमोट सेंसिंग सेंटर, इसरो, हैदराबाद के वैज्ञानिक डॉ. श्री शशिवर्धन रेड्डी, एसडीएम धर्मशाला मोहित रत्न सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *