30 सितंबर: मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग पर औट टनल के भीतर एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। यहां एक ट्रैवलर वाहन की चपेट में आने से नेपाली मूल के पुहाल (भेड़पालक) की मौत हो गई। हादसे में उसके साथ चल रही तीन भेड़ों की भी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक भेड़ घायल बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, हादसे की सूचना मिलते ही औट थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल पुहाल को उपचार के लिए सिविल अस्पताल नगवाईं पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल कुल्लू रेफर किया गया। कुल्लू अस्पताल में हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उसे एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया।
एम्स बिलासपुर ले जाते समय रास्ते में ही पुहाल ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान रविन बटाला पुत्र चन्द्र बहादुर बटाला, निवासी गांव एवं डाकघर विजयेश्वरी, तहसील एवं जिला रुकुम, अंचल रावती (नेपाल) के रूप में हुई है।
औट पुलिस ने ट्रैवलर चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस टीम मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ ही टनल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।