5 मई, तरसेम जरयाल: धर्मशाला स्थित राजकीय महाविद्यालय में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देते हुए ऑनलाइन शिकायत निवारण प्रणाली का शुभारंभ किया गया। इस प्रणाली का उद्घाटन प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने किया।
यह प्रणाली महाविद्यालय के बी.टेक (कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग) और भौतिकी विभाग के विद्यार्थियों द्वारा विकसित की गई है, जो संस्थान में नवाचार और तकनीकी दक्षता का उदाहरण पेश करती है। नई व्यवस्था के तहत छात्र-छात्राएं अपनी शिकायतें अब ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे, जो सीधे संबंधित विभाग तक पहुंचेंगी।
सिस्टम में डिजिटल रिकॉर्ड प्रबंधन, रियल-टाइम मॉनिटरिंग और ऑटोमैटिक नोटिफिकेशन जैसी सुविधाएं दी गई हैं, जिससे शिकायतों का निपटारा पहले से अधिक तेज और पारदर्शी होगा। प्रत्येक शिकायत के लिए यूनिक आईडी जारी की जाती है, जिससे विद्यार्थी उसकी स्थिति आसानी से ट्रैक कर सकते हैं।
इस मौके पर प्राचार्य ने विद्यार्थियों के प्रयास की सराहना करते हुए इसे कॉलेज को तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में अहम कदम बताया। उन्होंने कहा कि इससे छात्रों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित होगा और संस्थान में जवाबदेही भी बढ़ेगी।
कार्यक्रम में कॉलेज के कई प्राध्यापक और विद्यार्थी मौजूद रहे। महाविद्यालय परिवार ने इस पहल को छात्र हित में एक सराहनीय कदम बताया।