10 अक्तूबर, तरसेम जरयाल : राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के वाणिज्य विभाग की ओर से विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रतिभा, बौद्धिक क्षमता और रचनात्मक कौशल को प्रोत्साहित करने के लिए ‘कॉमर्स इग्नाइट’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने प्रश्नोत्तरी, प्रतिभा खोज प्रतियोगिता, गायन और नृत्य सहित विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने मुख्य अतिथि, जबकि डॉ. संजय जसरोतिया ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर वाणिज्य विभाग के प्राध्यापक डॉ. परवेश गिल, डॉ. स्नेहलता, डॉ. अंजना रानी, डॉ. हर्ष दीपिका दत्ता, डॉ. बिट्टू कुमारी, डॉ. एस. एस. रंधावा, डॉ. बालक ठाकुर और डॉ. नीरज कौशल भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित वाणिज्य विषय की प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण रही। इसमें टीम ‘डी’ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता टीम में मनत, हर्षित भल्ला, दामिनी और सिमरन शामिल रहे। टीम के सदस्यों ने विषय संबंधी ज्ञान, त्वरित निर्णय क्षमता और सामूहिक प्रयास के दम पर जीत दर्ज की।
प्रश्नोत्तरी के अलावा प्रतिभा खोज प्रतियोगिता, गायन और नृत्य जैसी गतिविधियों में भी विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता और सांस्कृतिक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा दिया।
‘कॉमर्स इग्नाइट’ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में वाणिज्य विभाग की महत्वपूर्ण पहल रही। इस आयोजन के माध्यम से शैक्षणिक गतिविधियों को रचनात्मकता और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति से जोड़ने का प्रयास किया गया।