22 जुलाई: हरियाणा के फरीदाबाद निवासी दो दिनों से लापता युवक आखिरकार कांगड़ा के समीरपुर गांव में सुरक्षित मिल गया। गांव के लोगों ने सोशल मीडिया पर चल रही गुमशुदगी की खबर देखकर उसकी पहचान की और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही कांगड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और रात करीब 10 बजे युवक को सुरक्षित उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार युवक अपने परिवार के साथ शक्तिपीठ माता श्री ब्रजेश्वरी देवी मंदिर में दर्शन करने आया था। इसी दौरान वह अपने परिजनों से बिछड़ गया। बताया जा रहा है कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, जिसके चलते वह भटककर दूसरी ओर चला गया।
युवक के लापता होने के बाद परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। कांगड़ा पुलिस ने भी खोज अभियान चलाया, जबकि सोशल मीडिया और वेब मीडिया के माध्यम से गुमशुदगी की सूचना व्यापक स्तर पर साझा की गई।
समीरपुर गांव के लोगों ने युवक को देखकर सोशल मीडिया पर प्रसारित खबर से उसकी पहचान की और दिए गए संपर्क नंबर पर परिजनों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे तथा युवक को सकुशल अपने साथ ले गए।
युवक के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने कांगड़ा पुलिस, समीरपुर गांव के ग्रामीणों और सोशल मीडिया व वेब मीडिया से जुड़े सभी पत्रकारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और सतर्कता से उनका बेटा सुरक्षित मिल सका।