29 अगस्त: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिले के देहरा विधानसभा क्षेत्र के बड्डल थोर में जनसभा को संबोधित करते हुए क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरा में हिमाचल प्रदेश की पहली ओजोन आधारित पेयजल उपचार परियोजना स्थापित की जा रही है। इस परियोजना के लिए राज्य सरकार ने 46 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से भविष्य में प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी ओजोन आधारित जल उपचार परियोजनाएं स्थापित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि दूषित पानी के सेवन से कई प्रकार की बीमारियों का खतरा रहता है, इसलिए लोगों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है।
क्षेत्र में पशु चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री ने बड्डल थोर में पशु चिकित्सालय खोलने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री का अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ के तहत लोगों को लाभ पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए पंचायत स्तर पर सर्वेक्षण किया जा रहा है। सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को भी राज्य के संसाधनों में उसका उचित अधिकार मिले।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं और इन प्रयासों के सकारात्मक परिणाम अब दिखाई देने लगे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं और महिला मंडलों को पौधरोपण एवं वनों के संरक्षण से जोड़ने के उद्देश्य से राजीव गांधी वन संवर्धन योजना शुरू की गई है। योजना के तहत स्वयं सहायता समूहों को 1.20 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। इसके अलावा लगाए गए पौधों के जीवित रहने के आधार पर प्रोत्साहन राशि भी दी जाती है।
शिक्षा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सीबीएसई स्कूल खोले गए हैं और आने वाले समय में और अधिक सीबीएसई स्कूल स्थापित किए जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरा विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों पर पर्याप्त धनराशि खर्च की जा रही है। भविष्य में भी क्षेत्र के विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।
इससे पहले बड्डल थोर हेलीपैड पहुंचने पर स्थानीय निवासियों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। स्थानीय विधायक कमलेश ठाकुर और अन्य कांग्रेस प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का सम्मान किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने चनौर स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर में पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की शांति, समृद्धि एवं सुख-कल्याण के लिए प्रार्थना की।