बाथड़ी में 23 वर्षीय प्रवासी युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच में जुटी पुलिस

29 अगस्त: ऊना जिले के हरोली उपमंडल के बाथड़ी गांव में 23 वर्षीय प्रवासी युवक का शव किराए के कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बिलास कुमार (23) पुत्र मोहिंदर, निवासी नजीरा, जिला मुंगेर (बिहार) के रूप में हुई है। वह बाथड़ी में रहकर मिस्त्री का काम करता था।

जानकारी के अनुसार टाहलीवाल थाना पुलिस को बाथड़ी में एक युवक की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और घटनास्थल की जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरएफएसएल धर्मशाला की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गवाहों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *