दीपक राठौर की नियुक्ति पर बोले सीएम सुक्खू, कहा- हाईकमान के निर्देश पर सौंपी अहम जिम्मेदारी

8 जुलाई: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पद पर दीपक राठौर की नियुक्ति को लेकर स्थिति स्पष्ट की। अपने आधिकारिक आवास ओक ओवर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस हाईकमान की ओर से निर्देश था कि दीपक राठौर को शिमला जिला कांग्रेस अध्यक्ष या किसी महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी दी जाए। इसी के तहत उन्हें राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपक राठौर के साथ उनका संबंध छात्र राजनीति के समय से रहा है। दोनों ने एनएसयूआई और युवा कांग्रेस में लंबे समय तक साथ काम किया। बाद में दीपक राठौर दिल्ली की राजनीति में सक्रिय हो गए, जहां उन्होंने संगठन के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।

सुक्खू ने कहा कि वह जल्द ही ठियोग और कुमारसैन क्षेत्र का दौरा करेंगे। इस दौरान क्षेत्र के विकास और संगठन को मजबूत करने के संबंध में चर्चा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

इससे पहले नवनियुक्त उपाध्यक्ष दीपक राठौर अपने समर्थकों के साथ मुख्यमंत्री से मिलने ओक ओवर पहुंचे और उन्हें इस जिम्मेदारी के लिए धन्यवाद दिया। राठौर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू ने प्राकृतिक और राजनीतिक दोनों तरह की चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में भी सुक्खू दोबारा प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *