दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्य पुरस्कारों के लिए 31 जुलाई तक करें आवेदन

21 जुलाई: सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने वर्ष 2026-27 के दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्य पुरस्कारों के लिए 31 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित किए हैं। दिव्यांगजनों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दिए जाने वाले ये राज्य पुरस्कार प्रत्येक वर्ष 3 दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर प्रदान किए जाते हैं।

जिला कल्याण अधिकारी आवास पंडित ने बताया कि पुरस्कार योजना के तहत दिव्यांगजनों को रोजगार उपलब्ध कराने वाले उत्कृष्ट नियोक्ताओं, बेहतर कार्य करने वाले दिव्यांग कर्मचारियों, संस्थानों तथा दिव्यांगजनों के कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विभागों एवं जिलों को सम्मानित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य समाज में दिव्यांगजनों के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों को प्रोत्साहित करना है।

उन्होंने बताया कि सरकारी विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों, स्वायत्त निकायों, निजी क्षेत्र तथा गैर-सरकारी संगठनों के उत्कृष्ट नियोक्ताओं के साथ-साथ सरकारी, कॉर्पोरेट एवं निजी क्षेत्र में कार्यरत उत्कृष्ट दिव्यांग कर्मचारियों, दिव्यांगजनों के हित में कार्य करने वाले संस्थानों और इस क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले जिलों को भी राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।

चयनित विजेताओं को विभिन्न श्रेणियों में प्रथम पुरस्कार के रूप में 30 हजार रुपये तथा द्वितीय पुरस्कार के रूप में 20 हजार रुपये की नकद राशि, प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किए जाएंगे।

इच्छुक विभाग, संस्थान, संगठन एवं पात्र अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में अपने आवेदन 31 जुलाई 2026 तक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के निदेशालय को भेज सकते हैं।

अधिक जानकारी एवं आवेदन के लिए वेबसाइट:

www.esomsa.hp.gov.in

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *