मानसून में 24 घंटे अलर्ट रहें सभी विभाग, आपसी समन्वय से करें कार्य : केवल सिंह पठानिया

21 जुलाई: शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने मानसून के दौरान सभी विभागों को 24 घंटे सतर्क रहने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा या आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभाग पूरी तैयारी रखें और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।

सोमवार देर सायं रैत ब्लॉक कार्यालय के समिति हॉल में आयोजित उपमंडल स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने प्रत्येक विभाग को एक-एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने और उसका मोबाइल नंबर प्रशासन के साथ साझा करने के निर्देश दिए, ताकि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग को सभी सड़कें यातायात के लिए सुचारू रखने और जेसीबी सहित आवश्यक मशीनरी को संवेदनशील स्थानों पर तैनात रखने को कहा। वहीं जल शक्ति विभाग को पेयजल भंडारण टैंकों का नियमित क्लोरीनेशन कराने और इसकी जानकारी पंचायत प्रतिनिधियों को देने के निर्देश दिए।

विद्युत विभाग को बिजली आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने तथा तकनीकी खराबी आने पर तुरंत उसे दूर करने को कहा गया। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को राशन और रसोई गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ गैस वितरण का रूट चार्ट पहले से सार्वजनिक करने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग को बरसात से संबंधित बीमारियों की दवाइयों का पर्याप्त भंडारण रखने तथा सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) में सर्पदंश के उपचार के लिए एंटी-वेनम इंजेक्शन उपलब्ध कराने को कहा गया।

केवल सिंह पठानिया ने सभी अधिकारियों को अपने मोबाइल फोन हर समय सक्रिय रखने और किसी भी आपात स्थिति में आमजन को तुरंत सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान किसी भी चुनौती से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभागों का बेहतर समन्वय और टीमवर्क बेहद आवश्यक है।

बैठक में एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर ने आश्वस्त किया कि विधायक द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का गंभीरता से पालन किया जाएगा और मानसून के दौरान उपमंडल के सभी विभाग पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य करेंगे। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जिला परिषद सदस्य, नगर पंचायत शाहपुर के जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न पंचायतों के प्रधान भी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *