21 जुलाई: हमीरपुर जिले की भोरंज तहसील के युवा खिलाड़ी समर्थ अत्री का चयन 17 से 20 अगस्त, 2026 तक देहरादून में आयोजित होने वाली एशियन शॉर्ट ट्रैक आइस स्केटिंग ट्रॉफी-2026 के लिए हुआ है। चयन के बाद समर्थ अत्री ने सोमवार शाम मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री ने समर्थ अत्री को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
उन्होंने कहा कि समर्थ अत्री ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थान बनाकर हिमाचल प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि वह एशियन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर भारत और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
समर्थ अत्री शिमला के प्रतिष्ठित ऑकलैंड हाउस स्कूल में दसवीं कक्षा के छात्र हैं। वह पिछले छह-सात वर्षों से शिमला स्थित आइस स्केटिंग रिंक में नियमित अभ्यास कर रहे हैं। हाल ही में उनका चयन 21वीं राष्ट्रीय शॉर्ट ट्रैक आइस स्केटिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ था। इसके बाद आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें एशियन शॉर्ट ट्रैक आइस स्केटिंग ट्रॉफी-2026 के लिए भारतीय टीम में स्थान मिला।