18 नवम्बर:झारखंड के जमशेदपुर में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्कूली बच्चों को लेकर जा रहे सीएनजी चालित ऑटोरिक्शा में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि इस घटना में ऑटो में सवार सभी बच्चे सुरक्षित बच गए और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के साउथ पार्क इलाके की है। आग लगने की सूचना मिलते ही टाटा स्टील के दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक आग ने पूरे ऑटोरिक्शा को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
अधिकारी के अनुसार, घटना में किसी भी बच्चे या अन्य व्यक्ति को चोट नहीं आई है। फिलहाल ऑटोरिक्शा में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।