डिवीजन आधार पर होगी पैरा वर्कर-वन मित्र भर्ती, भरे जाएंगे 4500 पद

Spread the love

 2500 मल्टीपर्पज वर्कर, 1200 पैरा पंप ऑपरेटर, 800 पैरा फिटर को मिलेगी जॉब

आवाज़ ए हिमाचल   

शिमला। जलशक्ति विभाग में पैरा वर्कर भर्ती पर विभाग ने काम शुरू कर दिया है। 4500 पदों को तय नियमों के अनुसार डिवीजन आधार पर भरा जाएगा। कैबिनेट की मंजूरी के बाद विभाग अब इन पदों को भरने की आगामी प्रक्रिया को पूरा करने में जुट गया है। जलशक्ति विभाग में यह पद तीन श्रेणियों में भरे जाने हैं। इनमें सबसे ज्यादा 2500 पद मल्टीपर्पस वर्कर के भरे जाएंगे, जबकि 1200 पद पैरा पंप ऑपरेटर और 800 पद पैरा फिटर के भरे जाने हैं। विभाग ने अभी तक जो प्रारूप इस भर्ती के लिए तैयार किया है उसमें ंशैक्षणिक योग्यता दसवीं तय की है। हालांकि पदों के हिसाब से तकनीकी दक्षता के साथ ही आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। इनमें पैरा पंप ऑपरेटर और मल्टीपर्पस वर्कर के लिए दसवीं के साथ आईटीआई डिप्लोमा भी प्रस्तुत करना होगा, जबकि पैरा फिटर के लिए आठवीं पास शैक्षणिक योग्यता तय हो सकती है और इस पद के लिए डिप्लोमा हासिल करना अनिवार्य नहीं है।

भर्ती के लिए आयु सीमा का निर्धारण 18 से 45 साल के बीच रहेगा। भर्ती मैरिट के आधार पर होगी और इसमें इंटरव्यू और स्किल टेस्ट भी होगा। अब तक जलशक्ति विभाग ने जो नियम इस भर्ती के लिए तय किए हैं। उसमें पैरा पंप आपरेटर और मल्टी पर्पस वर्कर के लिए 5500 तक मानदेय और पैरा फिटर के लिए कम से कम 3900 रुपए मानदेय तय किया गया है। हालांकि भर्ती को लेकर अभी नियम पूरी तरह से तय नहीं हैं और इनमें आंशिक तौर पर फेरबदल की संभावना भी है। जलशक्ति विभाग में डिवीजन आधार पर होने वाली इस भर्ती की प्रक्रिया दिसंबर के बाद शुरू होने की संभावना है। तब तक जलशक्ति विभाग इस भर्ती के लिए नए प्रारूप और नियम भी तय कर सकता है।

 

जल्द शुरू होगी भर्ती

जलशक्ति विभाग के प्रमुख अभियंता संजीव कौल ने बताया कि पैरा वर्कर भर्ती का राज्य सरकार ने फैसला किया है। कैबिनेट में मंजूरी के बाद अब इन पदों को भरने के प्रयास विभाग शुरू करेगा। उन्होंने बताया कि इस भर्ती को शुरू करने से पहले विभाग कैबिनेट के फैसलों की कॉपी मिलने का इंतजार कर रहा है। यदि पैरा वर्कर भर्ती में सरकार ने कुछ फेरबदल का फैसला किया होगा तो उसके अनुरूप ही भविष्य में इस भर्ती को अंजाम दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जो भी आदेश राज्य सरकार की तरफ से दिए गए होंगे। विभाग उन पर अमल करते हुए भर्ती प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा करने का प्रयास करेगा।

 

डिवीजन-सर्किल को भेजे पत्र, 2061 पदों की भर्ती से अलग रहेंगे आलाधिकारी

शिमला। वन मित्र भर्ती में आवेदन प्रक्रिया की तारीख तय होने के बाद विभाग ने शिमला से डिवीजन और सर्कल को पत्र जारी कर दिए हैं। 2061 पदों की यह भर्ती डिवीजन के आधार पर ही होगी और प्रदेश मुख्यालय के आलाधिकारियों का कोई बड़ा किरदार इस भर्ती में नहीं होगा। भर्ती प्रक्रिया के अंतिम पायदान मौखिक साक्षात्कर पूरा होने के बाद मैरिट लिस्ट भी सर्किल और डिवीजन स्तर पर तैयार होगी। इसके बाद परिणाम घोषित हो जाएंगे। वन विभाग मुख्यालय से भर्ती की तारीख तय होने के बाद नियमों और प्रक्रिया से जुड़े पत्र फील्ड को भेजे गए हैं। पूरे प्रदेश की बात करें तो विभाग ने 2061 पदों को अलग-अलग डिवीजन में बांट दिया है। वन मित्र भर्ती के सबसे ज्यादा 314 पद शिमला जिला के हिस्से आए हैं। इनमें 240 पद वन विभाग में बीट के आधार पर भरे जाएंगे, जबकि वन्य प्राणी विभाग में 77 पदों को भरा जाएगा। मंडी में 309 पद भरे जाएंगे और प्रदेश भर में इन पदों की संख्या के साथ मंडी दूसरे स्थान पर बना हुआ है। धर्मशाला में 239 पद भरे जाएंगे। इनमें से 209 पद वन बीट के तहत भरे जाएंगे और 30 पद वन्य प्राणी विभाग में भरे जाएंगे।

अन्य जिलों की अगर बात करें, तो नाहन में 216, चंबा में 198, हमीरपुर में 194, रामपुर डिवीजन में 164, कुल्लू में 140, सोलन में 108 और शमशी में 52 पदों को भरा जाएगा। ये सभी भर्तियां डिवीजन के आधार पर होंगी। भर्ती के लिए विभाग ने 18 से 25 साल तक आयु सीमा तय की है। राज्य सरकार ने भर्ती में पारदिर्शता लाने के लिए एसडीएम की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया है, जबकि वन मंडल अधिकारी इस कमेटी में सदस्य के तौर पर मौजूद रहेंगे। खास बात यह है कि सर्किल और डिवीजन स्तर पर भर्ती कमेटी ही सभी पदों पर आवेदन स्वीकार करने से मौखिक साक्षात्कार तक का इंतजाम करेगी। वन मित्रों के रूप में विभाग में शामिल होने वाले आवेदकों को दस हजार रुपए वेतन दिया जाएगा और यह वेतन फिक्स रहेगा। उधर, प्रधान मुख्य अरण्यपाल वनबल प्रमुख राजीव कुमार ने बताया कि वन मित्र भर्ती का आयोजन सर्किल और डिवीजन स्तर पर होगा। इसके लिए वन विभाग मुख्यालय से पत्र जारी कर दिए हैं। आवेदन की आखिरी तारीख गुजरने के बाद भर्ती प्रक्रिया का दूसरा कदम उठाया जाएगा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *