6 जून : शिमला जिले के ठियोग क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अफीम की खेती का खुलासा किया है। पुलिस ने एक सेब के बगीचे से अफीम के 1155 पौधे बरामद किए हैं और मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संबंधित स्थान पर छापेमारी की। जांच के दौरान सेब के पेड़ों के बीच बड़ी संख्या में अफीम के पौधे पाए गए।
पुलिस ने मौके पर सभी पौधों को कब्जे में लेकर नष्ट करने की प्रक्रिया पूरी की और संबंधित व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में आरोपी खेती के लिए कोई वैध अनुमति या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया।
मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध खेती कब से की जा रही थी और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं था।