ट्रक चालक की बेटी खुशबू शर्मा बनीं एचपीयू बीकॉम टॉपर, 97 फीसदी रहा परिणाम

3 जून: शिमला/हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने बीकॉम तृतीय वर्ष का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। इस बार विश्वविद्यालय ने परीक्षा समाप्त होने के करीब एक माह के भीतर परिणाम जारी कर नया रिकॉर्ड बनाया है। परीक्षा में कुल 3101 छात्र-छात्राएं शामिल हुए, जिनमें से 2777 सफल रहे। कुल परीक्षा परिणाम 97 प्रतिशत रहा।

हमीरपुर स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेमोरियल राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय की छात्रा खुशबू शर्मा ने प्रदेशभर में पहला स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। ऊना की इशिता दूसरे और कांगड़ा की रिया शर्मा तीसरे स्थान पर रहीं। चौथे स्थान पर कांगड़ा की श्रेया, पांचवें पर अक्षरा, छठे पर ऊना की दिव्या सूद और सातवें स्थान पर संजौली कॉलेज शिमला की मीनाक्षी रहीं। आठवें स्थान पर ऊना की अंकिता, नौवें पर हमीरपुर की अक्षिता जैन और दसवें स्थान पर कांगड़ा की पायल शर्मा रहीं।

खुशबू शर्मा की सफलता की कहानी भी प्रेरणादायक है। उनके पिता सोनी कुमार ट्रक चालक हैं, जबकि माता बबिता शर्मा गृहिणी हैं। खुशबू ने अपनी सफलता का श्रेय सबसे पहले अपनी दादी संध्या देवी को दिया, जिन्होंने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया। घुटनों के ऑपरेशन के बाद चलने-फिरने में असमर्थ होने के बावजूद उनकी दादी रोज सुबह उन्हें पढ़ाई के लिए जगाती थीं और निरंतर प्रेरित करती थीं।

खुशबू ने बताया कि वह भविष्य में चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) बनना चाहती हैं। सामान्य दिनों में वह प्रतिदिन पांच से छह घंटे पढ़ाई करती थीं, जबकि परीक्षा के दौरान यह समय बढ़कर आठ से नौ घंटे तक पहुंच जाता था। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार, शिक्षकों और क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।

एचपीयू के परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्याम लाल कौशल ने बताया कि इस बार उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन आधुनिक ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से किया गया। कॉलेजों के शिक्षकों और विश्वविद्यालय कर्मचारियों के सहयोग से रिकॉर्ड समय में परीक्षा परिणाम तैयार कर घोषित किया गया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *