इंदौरा अस्पताल में 21 लाख की अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित, विधायक मलेंद्र राजन ने किया लोकार्पण

24 नवम्बर:सिविल अस्पताल इंदौरा में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के तहत लगभग 21 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित की गई है। विधायक मलेंद्र राजन ने सोमवार को मशीन का लोकार्पण कर इसे क्षेत्रवासियों को समर्पित किया। इस सुविधा के शुरू होने से गर्भवती महिलाओं को अस्पताल में ही अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा मिलेगी और उन्हें इसके लिए दूरदराज के स्वास्थ्य संस्थानों में नहीं जाना पड़ेगा।

इस अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों की तैनाती और आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता बढ़ाने को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में गंगथ अस्पताल में केवल एक चिकित्सक तैनात था, जबकि वर्तमान में वहां छह चिकित्सक सेवाएं दे रहे हैं। इसी तरह सिविल अस्पताल इंदौरा में आठ चिकित्सक तैनात हैं, जिनमें छह विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल हैं। क्षेत्र के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में भी चिकित्सकों की नियुक्तियां की गई हैं।

उन्होंने कहा कि इंदौरा अस्पताल में क्षय रोग की जांच के लिए भी अत्याधुनिक मशीन उपलब्ध करवाई गई है। भविष्य में अस्पताल में आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं और उपकरणों का और विस्तार किया जाएगा। प्रदेश सरकार वरिष्ठ नागरिकों को घरद्वार पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए भी योजना तैयार कर रही है। इसके तहत बुजुर्गों के घर जाकर स्वास्थ्य जांच और आवश्यक चिकित्सीय परामर्श देने की व्यवस्था की जाएगी।

विधायक ने एचपीवी टीकाकरण अभियान के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील करते हुए कहा कि किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए सरकार की ओर से एचपीवी वैक्सीन निःशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने लोगों से इस अभियान की जानकारी जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण की शपथ भी दिलवाई।

नशे के अवैध कारोबार पर कार्रवाई को लेकर विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार नशे के कारोबार से अर्जित संपत्तियों और भवनों को जब्त करने की दिशा में कदम उठा रही है। इस कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

इससे पहले विधायक मलेंद्र राजन ने वन विभाग विश्राम गृह इंदौरा में लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की तथा कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर पौंग बांध विस्थापन पुनर्वास बोर्ड सलाहकार समिति के निदेशक एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य परवीन कुमार, पूर्व उपप्रधान मनोहर सिंह पिंकी, कुलदीप शर्मा कीपा, इंदौरा पंचायत प्रधान सुरेश कुमार, भपू पंचायत प्रधान प्रताप सिंह, विजय कुमार, अनिल कटोच, अवतार सिंह, रामपाल शर्मा, कुलवीर चंबियाल, सुरजीत कटोच, अनिल कुमार, नरेंद्र शर्मा, रणजीत कटोच, उमाकांत सिंह सूदन, एसडीएम डॉ. सुरिंदर ठाकुर, बीडीओ सुदर्शन सिंह, बीएमओ संदीप महाजन, एसएचओ आशीष पठानिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *