27 जून , अभिषेक मिश्रा : राजकीय महाविद्यालय जुखाला में विज्ञान एवं वाणिज्य संकायों की बहाली की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन शनिवार को चौथे दिन भी जारी रहा। धरना-प्रदर्शन और चक्का जाम को उस समय और मजबूती मिली जब श्री नैना देवी के विधायक रणधीर शर्मा और सदर विधायक त्रिलोक जमवाल धरना स्थल पहुंचे और आंदोलनकारियों को समर्थन दिया। जिला परिषद सदस्य सुरभि ठाकुर ने भी आंदोलन में भाग लेकर सरकार से तुरंत फैसला लेने की मांग की।
विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि कॉलेज से विज्ञान और वाणिज्य संकाय हटाने का निर्णय विद्यार्थियों के भविष्य के साथ अन्याय है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कक्षाएं जल्द बहाल नहीं हुईं तो आंदोलन पूरे बिलासपुर जिले में फैलाया जाएगा।
सदर विधायक त्रिलोक जमवाल ने प्रदेश सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह फैसला गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों के भविष्य पर सीधा असर डालता है।
जिला परिषद सदस्य surभि ठाकुर ने कहा कि शिक्षा युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने सरकार से विज्ञान और वाणिज्य संकायों को तत्काल बहाल करने की मांग की।
जुखाला कॉलेज बचाओ मंच के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सीताराम ठाकुर ने कहा कि चार दिनों से शांतिपूर्ण आंदोलन जारी है, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई वार्ता नहीं की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सकारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
धरने के दौरान प्रतिदिन की तरह दो घंटे का चक्का जाम भी किया गया, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया। हालांकि आंदोलनकारियों ने एंबुलेंस और मरीजों को ले जा रहे वाहनों को बिना रोक-टोक रास्ता दिया।
मंच ने घोषणा की है कि विज्ञान एवं वाणिज्य संकायों की बहाली तक आंदोलन और चक्का जाम जारी रहेगा।