27 जून , कविता शांति गौतम: इंटरनेशनल एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम) दिवस के अवसर पर उद्योग विभाग बद्दी की ओर से शनिवार को एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें क्षेत्र के विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों, उद्यमियों और विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की अर्थव्यवस्था में एमएसएमई क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका पर चर्चा की गई। साथ ही उद्यमियों की समस्याओं और सुझावों को भी गंभीरता से सुना गया।
उद्योग विभाग के अधिकारियों ने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र प्रदेश के औद्योगिक विकास की रीढ़ है। सरकार और उद्योग विभाग इस क्षेत्र के विकास तथा उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी विभाग उद्यमियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सहयोग प्रदान करता रहेगा।
कार्यक्रम में उद्योग विभाग के जेओए (आईटी) संजय ने उद्यमियों से बदलते समय के अनुरूप नवाचार और आधुनिक तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नई तकनीकों का उपयोग उद्योगों के विस्तार के साथ-साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी नई गति देगा। उन्होंने बताया कि इंटरनेशनल एमएसएमई दिवस देशभर में उद्योग विभाग की ओर से मनाया जा रहा है, जिससे एमएसएमई क्षेत्र में नई ऊर्जा और सकारात्मक माहौल का संचार होगा।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कई उद्यमियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में लघु उद्योग संघ के प्रदेश अध्यक्ष अशोक राणा, एफआईआई के चिरंजीव ठाकुर, गत्ता उद्योग संघ के हेमराज चौधरी, प्लास्टिक उद्योग संगठन के अनिल मलिक, अजय, गुरचरण, राजेंद्र सहित विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में उद्यमी मौजूद रहे। सभी ने एमएसएमई क्षेत्र को और अधिक मजबूत बनाने तथा उद्योग विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रदेश के औद्योगिक विकास को गति देने का संकल्प लिया।