27 जून : हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के लाल सिंघी क्षेत्र में शनिवार सुबह भीषण आग लगने से प्रवासी मजदूरों की करीब 25 झुग्गियां जलकर राख हो गईं। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते 25 झुग्गियां इसकी चपेट में आ गईं। आग की वजह से प्रभावित परिवारों का घरेलू सामान भी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार इस घटना में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया और तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन और संबंधित विभाग नुकसान का आकलन करने में जुटे हुए हैं।