जनगणना-2027 की जिम्मेदारी से बढ़ा शिक्षकों का कार्यभार, पूर्णकालिक तैनाती की मांग

9 जून , रवि दत्त भारद्वाज: देश के सबसे बड़े सांख्यिकीय अभियान जनगणना-2027 की तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं। इसी बीच सिरमौर जिले के राजगढ़ उपमंडल में जनगणना कार्य से जुड़े शिक्षकों ने सरकार और जनगणना विभाग के समक्ष महत्वपूर्ण मांग उठाई है। शिक्षकों का कहना है कि विद्यालयी दायित्वों के साथ जनगणना जैसे व्यापक कार्य को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरा करना बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया है। इस संबंध में निदेशक जनगणना विभाग को एसडीएम राजगढ़ के माध्यम से एक अनुरोध पत्र भेजा गया है।

भारत सरकार द्वारा आयोजित जनगणना-2027 के लिए शिक्षा विभाग के कई शिक्षकों को प्रगणक और पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। वर्तमान में ये शिक्षक नियमित शिक्षण कार्य, परीक्षा संबंधी जिम्मेदारियों और अन्य प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ जनगणना का दायित्व भी निभा रहे हैं।

शिक्षकों का कहना है कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके अंतर्गत परिवारों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति, आवासीय सुविधाओं सहित कई महत्वपूर्ण जानकारियों का संग्रहण भी शामिल है। इसके लिए घर-घर जाकर सर्वेक्षण करना, आंकड़ों का सत्यापन करना तथा डिजिटल माध्यमों से जानकारी अपलोड करना आवश्यक होता है।

जनगणना कार्य में तकनीकी चुनौतियां भी सामने आ रही हैं। विभाग द्वारा उपयोग किए जा रहे मोबाइल एप को संचालित करने के लिए एंड्रॉयड 11 या उससे अधिक संस्करण वाले स्मार्टफोन की आवश्यकता है, जो कई शिक्षकों के लिए अतिरिक्त परेशानी का कारण बन रहा है।

महिला शिक्षकों के लिए यह दायित्व और भी चुनौतीपूर्ण बताया जा रहा है। विद्यालय की छुट्टी के बाद शाम के समय घर-घर जाकर सर्वेक्षण करना सुरक्षा और पारिवारिक जिम्मेदारियों के चलते उनके लिए कठिन साबित हो रहा है।

अध्यापक संघ राजगढ़ के अध्यक्ष देवेन्द्र चौहान ने कहा कि जनगणना-2027 देश का अत्यंत महत्वपूर्ण अभियान है और शिक्षक पूरी निष्ठा से इसमें अपनी भूमिका निभा रहे हैं। हालांकि विद्यालयी कार्यों और जनगणना की जिम्मेदारियों को एक साथ निभाना व्यवहारिक रूप से कठिन हो रहा है। उन्होंने सरकार और जनगणना विभाग से आग्रह किया कि जनगणना कार्य पूरा होने तक नियुक्त प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को विद्यालयी दायित्वों से अस्थायी रूप से मुक्त किया जाए, ताकि यह राष्ट्रीय अभियान निर्धारित समय सीमा में और बेहतर गुणवत्ता के साथ सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *