जंजैहली मेले में दो स्कूली भाइयों से मारपीट, परिजनों ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

21 जुलाई: जंजैहली थाना क्षेत्र की उपतहसील बागाचनोगी के गांव नरोडी (डाकघर कहलणी) के दो स्कूली भाइयों के साथ मेले के दौरान कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस अधीक्षक मंडी से मिलकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, दोनों नाबालिग भाई अपनी बुआ के घर कुलथणी में आयोजित मतलोड़ा देवता का मेला देखने आए थे। मेले के दौरान एक भाई स्टेज पर गाना गा रहा था, जबकि दूसरा पास में बैठा था। इसी दौरान कुछ युवकों ने कथित रूप से दोनों को वहां से ले जाकर अलग-अलग स्थानों पर उनके साथ मारपीट की।

परिजनों का आरोप है कि आरोपियों की दोनों बच्चों से पहले से रंजिश थी और उसी के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया। पीड़ितों के पिता ने बताया कि दोनों बच्चों को पूरी रात बंधक बनाकर रखा गया। उन्होंने यह भी कहा कि एक बेटे को पहले से आंखों की गंभीर समस्या (सफेद मोतिया) है और दोनों का उपचार पहले से चल रहा है।

घटना के बाद दोनों बच्चों का उपचार कराया गया। परिजनों का कहना है कि एक बच्चे की आंख का लेंस प्रभावित हुआ है, जबकि दूसरे की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय जोनल अस्पताल में नेत्र विशेषज्ञ उपलब्ध नहीं था।

पीड़ितों के पिता सुंदर सिंह ने जंजैहली थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के अनुसार, मारपीट करने वालों में एक आरोपी पीड़ित का सहपाठी है, जबकि दूसरा स्कूल छोड़ चुका है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *