5 अगस्त: समेकित बाल विकास परियोजना (आईसीडीएस) धर्मपुर के अंतर्गत वृत चोलथरा में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक दिवसीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बाल विकास परियोजना अधिकारी धर्मपुर धनी राम ने की।
प्रशिक्षण में वृत चोलथरा की सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान उन्हें योजना के नवीनतम दिशा-निर्देशों, पात्र लाभार्थियों की पहचान, आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, एनपीसीआई मैपिंग और आवेदनों की समयबद्ध स्वीकृति सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई।
सीडीपीओ धनी राम ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में प्रत्येक पात्र गर्भवती एवं धात्री महिला की समय पर पहचान कर उन्हें प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के बारे में जागरूक करें। साथ ही योजना से संबंधित सभी औपचारिकताएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी करवाना सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित न रहे।