11 अगस्त: हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले में मंगलवार को एक बेहद गंभीर और झकझोर देने वाली घटना सामने आई। यहां एक व्यक्ति पर अपने ही छह वर्षीय मासूम बच्चे को पुल से उफनती रावी नदी में फेंकने का आरोप है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चम्बा दिनेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और बच्चे की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से रावी नदी के किनारे व्यापक सर्च अभियान चलाया। नदी का बहाव तेज होने के कारण बच्चे का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस बल और गोताखोरों की मदद से नदी के आसपास के संभावित स्थानों पर लगातार तलाश की जा रही है।
चम्बा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बच्चे की तलाश युद्धस्तर पर जारी है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और आरोपी पिता से पूछताछ की जा रही है। घटना के पीछे की वजह और इससे जुड़ी परिस्थितियों का भी पता लगाया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता नदी में गिरे मासूम बच्चे की तलाश कर उसे सुरक्षित बरामद करना है।