8 अगस्त: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर चालुज मोड़ के पास यात्रियों से भरी एक निजी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में आठ लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि कई यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, शर्मा बस सुबह बैरागढ़ से चंबा की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालुज मोड़ के पास बस हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में करीब 20 से 25 यात्री सवार थे।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
हादसे में बस चालक और परिचालक की भी मौत होने की खबर है। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल पर मौजूद है और मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल हादसे के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू की जांच कर रही है।