मनाली में पहाड़ी से गिरे मलबे की चपेट में आया नेपाली मजदूर, मौत

8 अगस्त: हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगरी मनाली के सियाल गांव में शुक्रवार को काम के दौरान पहाड़ी से गिरे मलबे की चपेट में आने से नेपाल मूल के एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और साथी मजदूरों में शोक का माहौल है।

मृतक की पहचान नेपाल निवासी दीर्ग बहादुर थापा के रूप में हुई है। वह परिवार का पालन-पोषण करने के लिए पिछले कुछ समय से मनाली क्षेत्र में मजदूरी कर रहा था।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को दीर्ग बहादुर सियाल गांव में अन्य मजदूरों के साथ काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक पहाड़ी से भारी मलबा और पत्थर नीचे आ गिरे। दीर्ग बहादुर मलबे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

साथी मजदूरों ने तुरंत उसे उपचार के लिए मनाली के मिशन अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही मनाली थाना पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ वहां मौजूद मजदूरों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए हैं। मनाली के डीएसपी केडी शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसा प्राकृतिक घटना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर नियमानुसार आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *