28 जुलाई: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की जान चली गई। हादसा भरमौर-पठानकोट स्टेट हाईवे पर लहर के पास हुआ, जहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है कि परिवार अपने एक वर्षीय बीमार बच्चे को इलाज के लिए पठानकोट ले जा रहा था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में बच्चे, उसके माता-पिता और दादा-दादी की मौत हो गई। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी मृतकों की पहचान और हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि की जानी बाकी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। दुर्गम क्षेत्र और रात का समय होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने भी बचाव अभियान में सहयोग किया। पुलिस शवों को खाई से बाहर निकालने के साथ-साथ पहचान और अन्य कानूनी औपचारिकताओं में जुटी हुई है।
पुलिस के मुताबिक हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ने के बाद कार खाई में गिर गई। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पहाड़ी मार्गों पर, विशेषकर रात और खराब मौसम के दौरान, अत्यधिक सावधानी के साथ वाहन चलाएं।