16 जून : पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में कार्यरत एक आउटसोर्स सफाई कर्मचारी के साथ कथित दुष्कर्म और प्रताड़ना के मामले में गिरफ्तार ठेकेदार और मुंशी को सोमवार को पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद अदालत में पेश किया गया। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने दोनों आरोपियों को 25 जून तक न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए। इसके बाद उन्हें जिला कारागार राजपुरा भेज दिया गया।
सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने आरोपियों की जमानत के लिए अदालत से आग्रह किया, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने जमानत याचिका खारिज कर दी। अब दोनों आरोपियों को 25 जून को दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा।
गौरतलब है कि मेडिकल कॉलेज में कार्यरत एक महिला सफाई कर्मी ने ठेकेदार और मुंशी पर दुष्कर्म तथा प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था। बाद में अदालत ने उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा था, जिसके दौरान पुलिस ने विभिन्न पहलुओं की जांच करते हुए आरोपियों से पूछताछ की।
एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने पुष्टि की है कि अदालत ने दोनों आरोपियों को 10 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश जारी किए हैं।