26 नवम्बर: चंबा जिले के सलूणी उपमंडल के संघणी बाजार में बुधवार देर रात भीषण अग्निकांड होने से करीब 7 दुकानें और एक मकान जलकर राख हो गए। आग की इस घटना में दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। दुकानों में रखा सारा सामान जलने से कई परिवारों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब साढ़े 11 बजे संघणी बाजार में अचानक आग भड़क उठी। आग की लपटें देखकर स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और दुकानदारों ने मौके पर पहुंचकर अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास किए, लेकिन आग तेजी से फैलती गई और आसपास की दुकानें भी इसकी चपेट में आ गईं। आग की तीव्रता के कारण दुकानदारों को सामान बाहर निकालने का मौका तक नहीं मिल पाया।
घटना की सूचना दमकल विभाग सलूणी को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। रात करीब दो बजे तक चले अभियान के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकानें और उनमें रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो चुका था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। राजस्व विभाग की टीम नुकसान का आकलन कर रही है।
कार्यवाहक एसडीएम अनिल भारद्वाज ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अग्निकांड में करीब 7 दुकानें और एक मकान जलने की सूचना मिली है। घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार की अगुवाई में राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है। वहीं, प्रभावित दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द नुकसान का आकलन करवाकर प्रभावित परिवारों को आर्थिक राहत प्रदान करने की मांग की है।