29 मई : कनाडा के नियाग्रा क्षेत्र में भारत की 22 वर्षीय छात्रा विधि मेघा की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के सामने आने के बाद भारतीय समुदाय में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, विधि मेघा गुजरात के आनंद जिले के बोरसद क्षेत्र की रहने वाली थी। वह उच्च शिक्षा के लिए कनाडा गई थी और पढ़ाई के साथ-साथ पार्टटाइम काम भी कर रही थी। बताया जा रहा है कि बेहतर भविष्य के सपने के साथ वह पिछले वर्ष ही विदेश पहुंची थी।
परिजनों के अनुसार, विधि 15 मई से लापता थी। उसकी तलाश के दौरान पुलिस को नियाग्रा क्षेत्र में अमेरिका सीमा के पास उसका शव बरामद हुआ। शुरुआती जांच में पता चला है कि उस पर किसी तेजधार हथियार से हमला किया गया था, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद कनाडा में अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय भारतीय समुदाय ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की है।